संस्कृत विद्यालय और महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक में हुआ निर्णय
श्री पंजाब सिंह क्षेत्र साधु संस्कृत महाविद्यालय में संस्कृत विद्यालय और महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित हुई। इसमें संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में 29 अगस्त को निकलने वाली संस्कृत शोभायात्रा के संबंध में चर्चा की गई।
शनिवार को उत्तराखंड संस्कृत विद्यालय और महाविद्यालय प्रबंधकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. जनार्दन कैरवान और नेपाली संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य डाॅ. ओम प्रकाश पूर्वाल ने बताया कि संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में 29 अगस्त को ऋषिकेश नगर में भव्य संस्कृत शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें ऋषिकेश के सभी संस्कृत विद्यालय और महाविद्यालयों के छात्र, प्रधानाचार्य, शिक्षक और विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए लोग शामिल होंगे।
कहा संस्कृत शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत और वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर अनीता ममगाईं, महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य और संस्कृत शिक्षा के निदेशक शिव प्रसाद खाली संयुक्त रूप से यात्रा का शुभारंभ करेंगे। शोभायात्रा श्री भरत मंदिर झंडा चौक से शुरू होकर ऋषिकेश नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए त्रिवेणी घाट पर संपन्न होगी। कहा प्रतिवर्ष भांति इस वर्ष भी संस्कृत सप्ताह पूरे देश के अंदर बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर नवीन भट्ट, विजय जुगलान, शांति प्रसाद मैठानी, सुशील नौटियाल, विनायक भट्ट, विपिन बहुगुणा, सुरेंद्र भट्ट, सुभाष चंद्र डोभाल, पुरुषोत्तम कोठारी आदि शामिल रहे।