-एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से दबोचा
- आरोपी पर था 50 हजार रुपये का इनाम
- डोईवाला बाजार में बैंक से निकाले पांच लाख रुपये चोरी करने के मामले में आरोपी के भाई की भी थी संलिप्तता
डोईवाला। कोतवाली पुलिस ने चोरी के आरोप में चार साल से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। एसओजी ग्रामीण देहरादून और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। बृहस्पतिवार को कोतवाली परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सीओ वंदना ने बताया कि 12 सितंबर 2022 को नव ज्योति विहार निवासी लाखन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इस दौरान डोईवाला बाजार में सब्जी खरीदने के लिए ठेली पर रुके। उन्होंने रुपयों से भरा बैग रखा और खरीदारी करने लगे। इसी बीच बैग चोरी हो गया।पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में मंजीत ग्वाला निवासी जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से चोरी की रकम बरामद हुई थी। पूछताछ में मामले में उसके भाई रवि ग्वाला की संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद रवि पर पहले 25 हजार और फिर 50 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार संयुक्त टीम ने उसे जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया।