विकासखंड के रिखेड़ा गांव में मंगलवार शाम से बिजली गुल है। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम कोटद्वार को मंगलवार शाम और बुधवार सुबह सूचना दी। बुधवार रात तक भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई। रिखेड़ा गांव में वर्तमान समय में करीब 40 परिवार निवासरत हैं। बिजली नहीं होने से जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है। ग्राम प्रधान रिखेड़ा दीपचंद लखेड़ा ने बताया कि बिजली गुल होने पर उपखंड अधिकारी कोटद्वार को शिकायत की गई, लेकिन 24 घंटे बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। गांव के कुछ युवक घर से ऑनलाइन कार्य करते हैं। बिजली न रहने से उनका काम प्रभावित हो रहा है। दो दिनों से स्कूली बच्चों का होम वर्क नहीं हो पाया। मोबाइल चार्ज खत्म होने से गांव में मनरेगा से संबंधित ऑनलाइन हाजिरी तक नहीं लग पाई है। जिससे मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल पाएगी।