05- कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े जुआ पार्टी के अभियुक्त।स्रोत-पुलिस
- फोटो : Samvad
आईडीपीएल क्षेत्र स्थित एक होटल में अवैध कैसीनो और शराब पार्टी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक पार्षद, दस महिला सहित 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी महिलाएं बाहर से बुलाई गई थी। होटल स्वामी फरार है।होटल को सीज कर दिया गया है। एसएसपी देहरादून ने चौकी प्रभारी सहित चौकी के सभी 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी आईडीपीएल क्षेत्र में स्थित होटल नवरंग में कैसीनो संचालित हो रहा है। यहां बाहर से जुआ खेलने बड़ी संख्या में लोग आए हुए हैं। दिल्ली से बार डांसर बुलाए जाने की सूचना थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर रात होटल नवरंग में छापा मारा। यहां जुआ खेलने के लिए टेबलें सजाई गई थी। शराब पार्टी भी चल रही थी। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 10 युवतियां भी शामिल हैं। इन युवतियों को दिल्ली से बुलाया गया था। उनसे होटल में बार डांसर के रूप में प्रदर्शन कराने के साथ-साथ मेहमानों को खाना और शराब परोसने का काम कराया जा रहा था। पुलिस को भारी मात्रा में महंगी शराब, जुए से संबंधित सामग्री और करीब 1,37,600 रुपये नकद बरामद किए। होटल स्वामी जगदीश कंडवाल निवासी श्यामपुर फिलहाल फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।नई दिल्ली, मेरठ, फरीदाबाद और नोएडा के लोग भी आए हैं पकड़ में : इस मामले में पुलिस की ओर से पार्षद व 10 महिलाएं समेत 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में कोटद्वार, टिहरी गढ़वाल, नई दिल्ली, मेरठ, फरीदाबाद, नोएडा आदि के लोग शामिल हैं।