थानो में विकसित किए जा रहे लेखक गांव में 23 से 27 अक्तूबर तक अंतरराष्ट्रीय कला, साहित्य और संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पांच दिवसीय समारोह में लगभग 65 देशों के साहित्यकार, लेखक और कलाकार भाग लेंगे। जिसका शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे।पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि यह महोत्सव हिंदी भाषा के वैश्विक प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को उजागर करेगा। समापन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह सेनि. और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई केंद्रीय मंत्री भी इस आयोजन में शिरकत करेंगे। कहा कि महोत्सव में हिंदी और स्थानीय भाषाओं के 20 लेखकों की पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इस महोत्सव में साहित्य अकादमी, केंद्रीय हिंदी संस्थान, उत्तराखंड भाषा संस्थान, नेशनल बुक ट्रस्ट, उत्तराखंड संस्कृति विभाग द्वारा विभिन्न सत्रों का संयोजन किया जाएगा।