ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, दिउली की ओर से समग्र शिक्षा के तहत छात्रों के शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. नंदकिशोर गौड़ ने विद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाई। शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के प्रभारी देवराज रावत, सह प्रभारी रमेश कठैत, सुरेश बलोधी, हरीश इष्टवाल, हरेंद्र पयाल के नेतृत्व में बुधवार को छात्र पीपलकोटि, खैरखाल, घट्टूघाट, फूलचट्टी, गरुड़चट्टी होते हुए योग ध्यान केंद्र चौरासी कुटिया स्वर्गाश्रम पहुंचे। इस दौरान छात्रों को पौराणिक और धार्मिक स्थलों का विस्तृत जानकारी देते हुए विभिन्न देशों से आए विदेशी पर्यटकों से रूबरू कराया गया। साथ ही विदेशों में शिक्षा, शिक्षा की नवीनतम तकनीकी और अन्य देशों से हमारे देश की शिक्षा व्यवस्था में अंतर पर चर्चा हुई। परमार्थ निकेतन में बच्चों को संस्थान से संचालित छात्र हितैशी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी दौरान बच्चों ने गीताभवन, गीताश्रम, योग निकेतन, वेद निकेतन, आरती स्थल, योग ध्यान केंद्र आदि स्थलों की जानकारी ली। इसके बाद पतित पावनी मां गंगा के लिए चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की गतिविधियों का अवलोकन किया। बच्चों ने नौका विहार का भी आनंद उठाया।