केएमवीएन की ओर से संचालित आदि कैलाश यात्रा के 10वें दल के 20 यात्री दर्शन कर बूंदी आ गए हैं। मंगलवार को लखनपुर में सड़क खुलने के बाद यात्री धारचूला पहुंचेंगे। यात्री सोमवार की सुबह गुंजी से आदि कैलाश को रवाना हुए।
उन्होंने पार्वती कुंड के भी दर्शन किए। बता दें कि चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क लखनपुर के पास चट्टान दरकने से पिछले आठ दिनों से बंद है। इसके चलते उच्च हिमालयी क्षेत्र को जाने वाले यात्रियों के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क बंद होने से करीब 25 बाइकर्स का दल भी फंसा हुआ है। इसके अलावा 80 से अधिक वाहन भी मालपा, बूंदी आदि जगहों पर फंसे बताए जा रहे हैं। सभी को लखनपुर के पास सड़क खुलने का इंतजार है।
बीआरओ के कर्मी सड़क खोलने में जुटे हुए हैं। सड़क के मंगलवार तक यातायात के लिए सुचारु होने की संभावना जताई जा रही है। केएमवीएन के यात्राधिकारी धन सिंह बिष्ट ने बताया कि सड़क खुलने के बाद यात्रियों को सुरक्षित धारचूला लाया जाएगा।