लोहाघाट (चंपावत)। नगर में पहली बार मिनी ओलंपिक खेल के तहत महिला फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार 22 अगस्त से होगा। प्रतियोगिता में कुल छह टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और हर्षित फर्त्याल ने बताया कि पहली बार लोहाघाट में महिला फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन जीआईसी खेल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पिथौरागढ़, चंपावत, टनकपुर, गुमदेश और लोहाघाट की महिला टीम प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता दो दिवसीय होगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। प्रतियोगिता के लिए जिला चंपावत में लोगों में काफी उत्साह है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को पूर्व विधायक फर्त्याल की ओर आकर्षक पुरस्कार, ट्राॅफी और 11000 रुपये की धनराशि दी जाएगी और उपविजेता को 5100 रुपये की धनराशि और पुरस्कार दिए जाएंगे।