लोहाघाट (चंपावत)। छठ महापर्व के लिए पूर्वांचली लोगों ने तैयारियां शुरू हो गई हैं। महापर्व के लिए पूर्वांचल की महिलाओं ने बाजार पहुंचकर पूजा-अर्चना से संबंधित सामग्री की खरीदारी की। छठ व्रती महिला पुष्पा, हीरा देवी, नीमा कुशवाहा और दीपा चौरसिया के साथ वेद प्रकाश ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। 14 नवंबर को खरना के दिन पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की जाएगी। इसके बाद पारण के साथ चार दिवसीय छठ व्रत का विधिवत समापन होगा।