पिथौरागढ़ में अल्ट्रासाउण्ड कराने को पहुंची महिलाएं
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाउंड कराने के लिए तीन से पांच हजार रुपये में गाड़िया बुक कराकर जिला अस्पताल पहुंच रही हैं। टैक्सी स्वामियों के इतना पैसे लेने के कारण गरीब गर्भवती महिलाएं कर्ज मांगकर अल्ट्रासाउण्ड शिविर में पहुंचने को मजबूर हैं। शनिवार को गंगोलीहाट एसडीएम डॉ. सौरभ गहरवार ने महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किये, यहाँ 103 से अधिक महिलाएं पहुंचीं। देर शाम तक 70 से अधिक महिलाओं के ही अल्ट्रासाउंड हो पाए थे। शिविर में पहुंची कनालीछीना की एक गर्भवती महिला के पति ने बताया कि वह तीन हजार रुपये में गाड़ी बुक कराकर अल्ट्रासाउंड को पहुंचे। धारचूला से आई महिला ने बताया कि टैक्सी चालक धारचूला से पिथौरागढ़ आने के लिए पांच से आठ हजार रुपये मांग रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि लॉकडाउन में अल्ट्रासाउंड नहीं होने के कारण चिंता हो रही है। टैक्सी चालक उनसे मनमाने दाम मांग रहे हैं। महिलाओं ने अल्ट्रासाउंड के लिए महिलाओं के लिए प्रत्येक जगह से गाड़ी की व्यवस्था कराने की मांग कर रहे हैं।