डीडीहाट (पिथौरागढ़)। आदिचौरा-हुनेरा मोटर मार्ग जून की बारिश के बाद से बंद है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के पैतृक गांव हुनेरा को जोड़ने वाली नौ किमी सड़क जून की बारिश से सात किमी लंबाई तक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हुनेरा गांव में 25 से अधिक परिवार रहते हैं। इसे विडंबना ही कहेंगे कि कैबिनेट मंत्री के गांव की सडक की मरम्मत की सुध ही अधिकारी नहीं ले पा रहे हैं। ऐसे में आमजन की समस्याओं को कितनी गंभीरता से लिया जाता होगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
हुनेरा गांव के लिए जाने वाली सड़क की मरम्मत के लिए ग्रामीण कई बार मांग कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सड़क नहीं खुलने से लोग मुश्किल में जी रहे हैं। लोगों को रसोई गैस सिलिंडर घर तक पहुंचाने के लिए 500 से 700 रुपये तक भाड़ा देना पड़ रहा है। कई लोग भाड़ा देने के बजाय अपनी पीठ पर सिलिंडर ढो रहे हैं।
सब्जियां बाजार के दाम से डेढ़ गुना अधिक
टमाटर लोगों को 60 रुपये, आलू 60 से 70 और प्याज 70 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से मिल रहा है। फल भी बाजार दामों से डेढ़ गुना अधिक में मिल रहे हैं। सड़क बंद होने से दिनचर्या अस्त व्यस्त बनी हुई है। किसी के बीमार पड़ने पर उसे डोली में रखकर डीडीहाट अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है।
कोट
स्कूली बच्चे और अवकाश पर घर आ रहे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। सात किमी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। लोगों का जीवन मुश्किल हो रहा है। - लोकेश चौहान, हुनेरा।
कैबिनेट मंत्री के पैतृक गांव की सड़क को बंद हुए चार महीने हो गए हैं। मंत्री अपने गांव की सड़क को नहीं बना पा रहे हैं जबकि हर वर्ष मंत्री अपने पैतृक गांव आते हैं। यह स्थिति तब है जब वर्तमान में पीएमजेएसवाई का विभाग भी मंत्री जी के पास ही है। - राजेंद्र बोरा, प्रदेश महामंत्री, कांग्रेस।
सड़क सुधारीकरण और मरम्मत कार्य के लिए 50 लाख की राशि का प्रस्ताव बनाकर शासन को दो माह पूर्व भेजा गया है। वर्तमान तक शासन से प्रस्ताव को कोई स्वीकृति नहीं मिली है। - गुरप्रीत सिंह, सहायक अभियंता, पीएमजीएसवाई।