पिथौरागढ़ के डुंगरा गांव में चल रहे खनन की जांच की मांग को लेकर ग्रामीण मुखर हो गए हैं। उन्होंने डीएम कार्यालय और जिला पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन देकर इसकी जांच करने की मांग की। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को डुंगरा के ग्राम प्रधान देब सिंह के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है। लगातार हो रही ब्लास्टिंग से पेयजल स्रोत सूखने लगे हैं। कई घरों में दरार आ गई हैं। खनन ग्राम पंचायत की संयुक्त भूमि पर हो रहा है। खनन कार्य के लिए ग्राम पंचायत से अनुमति नहीं ली गई है। यहां वर्ष 2017 से 2023 तक खनन कार्य बंद रहा। अब दोबारा यहां पर खनन कार्य शुरू कर दिया गया है।
ये पढ़ें- Nainital Crime: साली से दुष्कर्म करने वाले जीजा को 20 साल की सजा, पीड़िता ने भाई पर लगाया था आरोप; जानें मामला
खनन धारीजोशी और डुंगरा दो गांवों के बीच में हो रहा है। खनन क्षेत्र से नीचे कुजीगाड़ है। भविष्य में मलबा आने से गांव चपेट में आ सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह पूर्व भी शिकायत कर चुके हैं। बावजूद इसके इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने खनन कार्य रोकने और इसकी जांच करने की मांग की। इसके बाद ग्रामीण जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा से मिले और खनन रोकने की मांग उठाई। कहा कि पहले भी प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस मौके पर उमेद सिंह, दीवान सिंह, दीपक तिवारी, जगत सिंह, जीवन चंद्र, अमर सिंह, राजेंद्र सिंह, राजेश सिंह, गोविंद सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।