पिथौरागढ़। 120 किलोमीटर दूर से जिला मुख्यालय आकर भूख हड़ताल पर बैठे कनार के ग्रामीणों का आंदोलन रविवार को भी जारी रहा। कलक्ट्रेट के बाहर रामलीला मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे उप प्रधान रमेश परिहार और उनके समर्थन में धरना दे रहे ग्रामीणों को समर्थन देने रविवार अपराह्न धारचूला विधायक हरीश धामी भी पहुंचे। इस मौके पर विधायक धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं से लगातार मुंह चुरा रही है। कनारवासियों की सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग और उसकी घोषणा करने के बावजूद सरकार धरातल पर काम नहीं करवाना चाहती। विधायक ने कहा कि केवल कोरे आश्वासनों से ठगने का काम इस सरकार का रह गया है। भूख हड़ताल पर बैठे उप प्रधान रमेश सिंह परिहार ने कहा कि हमारे लिए गांवों से बाहर निकलने और बीमारों, गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाने के लिए 18 किलोमीटर का पैदल सफर करना मजबूरी है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में पूरा दिन निकल जाता है। समर्थन में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि सरकार ने हमें हर बार सड़क के नाम पर धोखा दिया है। जब तक सड़क की डीपीआर बनाकर निर्माण शुरू नहीं होता हम धरने से नहीं उठेंगे। इस मौके पर जगत सिंह परिहार, बीडीसी सदस्य पुष्पा देवी, मनोज सिंह, ललित सिंह, कैलाश सिंह, रमेश सिंह और अन्य ग्रामीणों सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।