पिथौरागढ़। डीडीहाट विधानसभा के मूनाकोट ब्लॉक स्थित छह गांवों के ग्रामीण पांच किमी सड़क के निर्माण की राह वर्षों से देख रहे हैं। वह विधायक, सीएम और लोनिवि के अधिकारियों को कई बार पत्र भेज चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी रघुवर दत्त कापड़ी ने बुधवार को राज्य स्थापना दिवस पर डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री को पत्र भेजा है। कहा है कि मूनाकोट ब्लॉक के पलेटा, खतीगांव, टोटानौला, तड़ीगांव, सिनखोली और भातड़ गांवों के ग्रामीण पांच किमी सड़क का निर्माण करने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिल गई है लेकिन वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने से कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क नहीं होने से मरीजों को आपातकाल में डोली के सहारे ले जाना पड़ता है। रसोई गैस सिलिंडर का 100 रुपये भाड़ा देकर गांव तक पहुंचाना पड़ता है। स्कूली बच्चों को पैदल जाना पड़ता है। रास्ता लंबा होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा भी रहता है। उन्होंने लोगों की समस्या को देखते हुए सड़क निर्माण की मांग की है।