गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। उत्तराखंड महिला परिषद अल्मोड़ा के सहयोग से गणाई क्षेत्र के ग्राम महिला संगठनों का वार्षिक सम्मेलन हुआ। महिलाओं ने आपसी सहयोग एवं सहभागिता से अपने-अपने संगठनों के माध्यम से गांवों में किए जा रहे कार्यों को साझा किया। साथ ही जल-जंगल, जमीन, बढ़ती नशाखोरी, जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान आदि मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि ग्राम महिला संगठन जहां गांव को एकजुट रखने का प्रयास कर रहे हैं वहीं आपसी सहयोग से गांवों से जुड़ी समस्याओं का सामूहिक हल भी खोज रहे हैं। मुख्य अतिथि रमा जोशी ने कहा कि संगठनों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों को साझा करना चाहिए ताकि हम एक-दूसरे से सीख सकें।
हंसी डसीला की अध्यक्षता एवं कमला बिष्ट के संचालन में हुए सम्मेलन में रेखा डसीला, ममता आर्या, प्रधान कलावती आगरी, मंजू डसीला, अनीता देवी, मुन्नी बोरा, रेवती देवी, मुन्नी डसीला, गीता देवी आदि ने विचार रखे। सम्मेलन में रुंगड़ी, ढिंगारकोली, भन्याणी, डसीला खेत, फडियाली, ग्वाड़ी, किमतोला, भनोलीसेरा आदि गांवों की 150 से अधिक महिलाओं ने भागीदारी की।