धारचूला (पिथौरागढ़)। जीआईसी रांथी में प्रधानाचार्य के ऑफिस में शराब पार्टी का वीडियो वायरल हुआ है। इसकी शिकायत ग्रामीण ने सीएम पोर्टल पर की है। इस विद्यालय में 500 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
वायरल वीडियो पुराना बताया जा रहा है। इसमें तीन लोग दिख रहे हैं। दो के हाथ में गिलास दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीण धीरू सिंह ने इसकी शिकायत सीएम पोर्टल पर की है। उन्होंने कहा है कि गंभीर मामला है। इसकी जांच कर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
इस मामले में प्रधानाचार्य का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं। शिक्षाधिकारी एमआर लोहिया का कहना है कि जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से इस संबंध में पत्र मिलते ही विद्यालय पहुंचकर जांच की जाएगी। इसके बाद उचित कार्यवाही की जाएगी।