पिथौरागढ़। सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर बिना अनुमति के वाहनों का संचालन बे-रोक टोक हो रहा है। इस कारण इस सड़क पर हादसे बढ़ रहे हैं। मार्च 2023 से अब तक इस सड़क पर हुए हादसों में 18 लोग जान गंवा चुके हैं।
बीआरओ ने व्यास घाटी के सात गांवों और चीन सीमा को जोड़ने के लिए तवाघाट से लिपुलेख तक सड़क कनेक्विटी पूरी कर दी है। यह सड़क सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री के आदि कैलाश आने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। वर्तमान में उच्च हिमालयी क्षेत्रों ठंड बढ़ने के बाद घाटियों से अधिकतर लोग निचले क्षेत्रों में आ चुके हैं। वर्तमान में यहां सेना, आईटीबीपी, एसएसबी, बीआरओ के जवान और कुछ ग्रामीण हैं।
लंबे समय से स्थानीय लोग शासन-प्रशासन और सरकार से इस सड़क पर वाहन चलाने की अनुमति देने की मांग कर रहे हैं। लोगों की मांग को देखते हुए एआरटीओ ने तवाघाट से गुंजी तक सड़क का सर्वे भी किया था लेकिन बीआरओ ने सड़क के निर्माणाधीन होने के कारण अनुमति देने से मना कर दिया है। बीआरओ का कहना है कि अभी ये सड़क निर्माणाधीन है इस पर यातायति की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
हादसों के बाद बीमा मिलने में हो रही है दिक्कत
पिथौरागढ़। तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर वाहन चलाने की अनुमति नहीं है। इस कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का बीमा दावा मिलने में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोग भी वाहन चलाने की अनुमति देने के लिए कई बार पत्रचार कर चुके हैं। संवाद
वर्ष 2023 में तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर हुए हादसे
18 फरवरी 2023 को तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर वाहन दुर्घटना में एक की मौत
तीन मार्च 2023 को कालापानी के पास सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से सेना के एक जवान की जान गई
15 अक्तूबर 2023 को धारचूला-तवाघाट सड़क में वाहन दुर्घटना होने से एक की मौत
08 अकतूबर 2023 तवाघाट-लिपुलेख सड़क में वाहन दुर्घटना में सात लोगों की जान गई
24 अक्तूबर 2023 को तवाघाट-लिपुलेख सड़क में वाहन दुर्घटना में छह लोगों की मौत
29 अक्तूबर 2023 को धारचूला-लिपुलेख सड़क में वाहन दुर्घटना में दो की मौत
कोट
कुछ समय पूर्व तवाघाट से गुंजी तक सड़क पर वाहन चलाने की अनुमति देने के लिए सर्वे किया गया था। बीआरओ का कहना है कि सड़क निर्माणाधीन है इस कारण सड़क पर वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी सकती है। - केएस पलड़िया, एआरटीओ पिथौरागढ़।