जिप्सी से मिलन पहुंचने वाले पहले यात्री बने गजेंद्र, प्रकाश, चंदू
- फोटो : अमर उजाला
राज्य आंदोलनकारी गजेंद्र सिंह जंगपांगी, प्रकाश सिंह रावत और चंदू लसपाल मुनस्यारी से मिलम तक जिप्सी से पहुंचने वाले प्रथम यात्री बन गए हैं। रविवार की सुबह 11 बजे गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीनों जिप्सी से मिलम के लिए रवाना हुए। तीनों सोमवार शाम मिलम की यात्रा से लौट आए हैं। उन्होंने बताया की मिलम तक का सफर शानदार रहा।
गजेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग चार घंटे में वे लोग मिलम पहुंच गए थे। बताया की सड़क की स्थिति ठीक है। बीआरओ की ओर से अभी सड़क पर आवागमन शुरू नहीं किया गया है। इसके चलते सेना, आईटीबीपी के जवानों को अभी पैदल ही रवाना होना पड़ रहा है। अगर बीआरओ प्रयास करे तो शीघ्र ही सड़क पर डामरीकरण हो सकता है।
गजेंद्र सिंह ने बताया की बतौर प्रथम यात्री अपनी जिप्सी से पहुंचने पर सेना के जवानों ने स्नेह से उनका स्वागत किया। इस दौरान जवानों से उच्च हिमालयी क्षेत्र में आने वाली समस्याओं के बारे में भी चर्चा हुई। मुनस्यारी-मिलम सड़क पर लगभग 24 किमी तक एबीसीआई कंपनी ने डामर बिछा दिया है। शेष 41 किमी पर अभी डामर होना है।