पिथौरागढ़। जिला प्रभारी मंत्री चंदन राम दास ने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम को बीएस-6 मॉडल की नई बसें मिलेंगी जिसके बाद रोडवेज की रफ्तार तेजी से बढ़ेगी। बीएस-6 मॉडल की बसों के संचालन से पर्यावरण को नुकसान भी कम होगा।
पिथौरागढ़ पहुंचे जिला प्रभारी और समाज कल्याण, परिवहन मंत्री चंदन ने पत्रकार वार्ता में कहा कि राज्य के सभी डिपो में जल्द ही नई बसें दी जाएंगी जिसके बाद बसों की कमी से जूझ रहे डिपो को कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अब किसी भी डिपो में टायर खत्म होने पर परेशानी नहीं होगी। डिपो रोडवेज के स्टोर से टायर ले सकते हैं। इस बार टेंडर प्रक्रिया खत्म कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग 350 करोड़ के घाटे में चल रहा था लेकिन यूपी से परिसंपत्ति बंटवारे के बाद विभाग को 204 करोड़ रुपये मिले हैं। इस बार विभाग ने 150 करोड़ कमाए। नुकसान को पीछे छोड़ते हुए वर्तमान में विभाग ने 20 करोड़ का लाभ कमाया है।
उन्होंने कहा कि अब रोडवेज कर्मियों को समय पर वेतन मिल रहा है। बोनस, एरियर समेत सेवानिवृत्त कर्मियों का भुगतान कर दिया गया है। अब मृतक आश्रितों को नौकरी पर रखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि रोडवेज में चालक परिचालकों, पीआरडी जवानों की नियुक्ति की तैयारी है।
केंद्र से मिलेंगी 200 इलेक्ट्रिकल बसें
पिथौरागढ़। परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने बताया कि राज्य में इलेक्ट्रिकल बसों का भी संचालन किया जाएगा। केंद्र सरकार से राज्य को 200 इलेक्ट्रिकल बसें मिलेंगी। 60 बसों की टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जनपद मुख्यालय और बड़े शहरों में इलेक्ट्रिकल चार्जिंग स्टेशन लगाए जा रहे हैं जिसके बाद शहरों से इलेक्ट्रिकल बसों का संचालन शुरू करेंगे। संवाद
टनकपुर में बनेगा रोडवेज का टर्मिनल
पिथौरागढ़। प्रभारी मंत्री ने बताया कि टनकपुर में रोडवेज का टर्मिनल बनाया जा रहा है। काठगोदाम में हिल डिपो बनाया जाएगा। काशीपुर, रामनगर, पौड़ी में काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चारधाम में यात्रियों के हिसाब से बसों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार हाइटेक चौकियों बनाई गई हैं। चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं रोडवेज उपलब्ध कराएगा। संवाद