गुरना मेलपाटा जमीन में पड़ी दरार
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। मेलपाटा (गुरना) के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 9 में तीन मकानों को खतरा पैदा हो गया है। बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान लोक निर्माण विभाग की तोली-गुरना सड़क की सुरक्षा को लेकर लगाई गई सुरक्षा दीवार के साथ ही लगभग 4 नाली खेत का पूरा इलाका किसी भी समय भारी भू स्खलन की जद में आ सकता है। इसमें 80 मीटर लंबी, दो फीट चौड़ी दरार पड़ गई है। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मेलपाटा गुरना में 4 नाली जमीन खतरे की जद में आ गई है। ये जमीन कभी भी भरभराकर गिर सकती है। खतरे की जद में आए भवन स्वामियों ने प्रशासन से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की मांग की है। जिपं उपाध्यक्ष कोमल मेहता ने क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने फोन से एसडीएम सदर को सूचना देकर लोनिवि और राजस्व विभाग की टीम भेजने की मांग की। एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि मेलपाटा गुरना में राजस्व की टीम को भेज दिया गया है। खतरें की जद में आए मकानों को शिफ्ट किया जाएगा। भाजपा नेता भूपेश पंत ने भी कहा कि जान माल के खतरे को देखते हुए प्रशासन तत्काल एहतियाती कदम उठाने चाहिए, जिससे इन मकानों के साथ ही सड़क को भी बचाया जा सके।
-::- पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि के साथ हुई तेज बारिश :: पिथौरागढ़। जिले के विभिन्न हिस्सों में देर रात ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हर रोज हो रही बारिश के कारण खेतों में बची कुछी फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो गई है। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री व वरिष्ठ नेता कांग्रेस मथुरा दत्त जोशी ने सरकार से नुकसान का आंकलन कर प्रदेश के किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। -::- पिथौरागढ़ में हुई बारिश का विवरण (एमएम में):: पिथौरागढ़- 31.00 बेरीनाग- 16.40 गंगोलीहाट- 11.50 धारचूला- 7.00 डीडीहाट- 5.50 मुनस्यारी -4.00 -::-