ट्रक के बीच सड़क में खराब होने के बाद फंसे वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। टनकपुर-तवाघाट एनएच पर पिथौरागढ़ के पंडा पुल के पास एक ट्रक के बीच सड़क पर खराब होने से करीब दो घंटे तक जाम लग गया। इस दौरान पंडा से सल्मोड़ा तक करीब डेढ़ किमी और पंडा से बस्ते तक एक किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस, सेना के वाहन, रोडवेज बसें, चौपहिया और दोपहिया वाहन फंस गए। बाद में लोगों और यात्रियों ने सामान से भरे ट्रक को धक्का लगाकर सड़क किनारे किया जिसके बाद जाम खुल सका। इस बीच जाम को खुलवाने के लिए कोई भी पुलिस कर्मी मौके पर नहीं आया।
सामान से भरा ट्रक (यूके05सीए-0681) बुधवार को पिथौरागढ़ से धारचूला जा रहा था। इस दौरान टनकपुर-तवाघाट एनएच पर पंडा पुल के पास ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया। काफी कोशिशों के बावजूद ट्रक स्टार्ट नहीं हुआ। इस बीच सड़क पर वाहनों का जाम लगने लगा और देखते ही देखते पिथौरागढ़ से धारचूला, थल, मुनस्यारी, डीडीहाट और अन्य क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों का बस्ते तक जाम लग गया जबकि धारचूला, डीडीहाट, कनालीछीना, पीपली, तल्लाबगड़ सहित कई अन्य हिस्सों से आने वाले वाहन जाजरदेवल तक फंस गए।
इस दौरान पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले कई वाहन चालक पंडा बाईपास से नैनीसैनी एयरपोर्ट होते हुए जाजरदेवल की ओर निकले जबकि धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट से आने वाले वाहन चालक जाजरदेवल-कनारी-पाभैं सड़क के रास्ते निकलने लगे। इस सड़क के संकरे होने और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से यहां भी एक घंटे तक लंबा जाम लग गया जिसमें एंबुलेंस, सेना सहित कई अन्य वाहन फंस गए। लोगों और यात्रियों के ट्रक को धक्का देकर सड़क से किनारे करने पर जाम खुल सका जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।