स्टेट बैंक गणाई गंगोली में लगातार तीन दिन कार्य नहीं होने से सन्नाटा छाया रहा।
- फोटो : AMAR UJALA
गणाईगंगोली/झूलाघाट(पिथौरागढ़)। भारतीय स्टेट बैंक गणाई गंगोली में लगातार तीसरे दिन भी कामकाज नहीं हुआ। इसको लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है। गणाई स्टेट बैंक का सेेटेलाइट इंटरनेट सेट अन्यत्र भेजने से पिछले आठ माह से कामकाज ठीक से नहीं हो पा रहा है। कई बार लोग आंदोलन कर चुके हैं। इससे पूर्व नाराज लोगों ने बैंक में तालाबंदी भी की थी। इसके बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि बैंक के अधिकारियों की ओर से कोरे आश्वासन दिए जा रहे हैं। शुक्रवार को लोग दिन भर पूछताछ करते नगर आए। सुबह के समय भी बैंक के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। एसबीआई की सेवाओं से परेशान कई लोगों ने जिला सहकारी बैंक की शाखा में खाते खोलने शुरू कर दिए हैं।
---::: वापस लौटे की लोग :::
झूलाघाट। भारतीय स्टेट बैंक झूलाघाट में बीएसएनएल सेवा बाधित होने से सर्वर डाउन हो गया जिसके चलते ग्राहकों को वापस लौटना पड़ा। झूलाघाट एसबीआई शाखा में नेपाल सहित भारतीय क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोगों का लेनदेन इस बैंक के माध्यम से होता है। सुरेश कुमार अपने खाते से धनराशि निकालने के लिए पांच किलोमीटर पैदल ही बैंक तक पहुंचे। यहां पहुंचकर पता चला बीएसएनएल सेवा न होने से बैंक का सर्वर डाउन चल रहा, जिससे उन्हें पैदल ही वापस कानड़ी जाना पड़ा। ऐसे ही गीठिगडा, बलतड़ी, बनड़ा, भटेडी के लोगों को संचार सेवा बाधित होने से वापस जाना पड़ा।