थल में प्रदर्शन करते व्यापारी। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने से भड़के व्यापारियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। कहा कि सरकार ने थल को एक साल पहले से ही नमामि गंगे प्रोजेक्ट की श्रेणी में रखा है लेकिन डंपिंग ग्राउंड नहीं होने से बाजार के कूड़े के निस्तारण में दिक्कत हो रही है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष बबलू सामंत के नेतृत्व में व्यापारियों ने शनिवार को सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कहा कि थल में कूड़े के निस्तारण के लिए अब तक भूमि का चयन नहीं किया गया है। जिला प्रशासन की पहल पर थल के प्रवेश द्वार के पास पिछले पंद्रह वर्षों से पड़ी गंदगी को उठाने लिए डीडीहाट, पिथौरागढ़ और बेड़ीनाग से सफाई कर्मचारियों की टीम आई तो उनके सामने भी कूड़ा निस्तारण की समस्या आई।
अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे हालात में थल बाजार के कूड़े का कैसे निस्तारण हो सकेगा। व्यापार मंडल के पास कोई संसाधन नहीं हैं जिससे वह खुद यह कदम उठा सके। उन्होंने कहा जहां नगर पंचायत नहीं हैं वहां पर सरकार और प्रशासन व्यापार मंडल को संसाधन उपलब्ध कराकर यह जिम्मा दे सकती है। प्रदर्शन करने वालों में जगदीश पाठक, दीपक भैसोड़ा, विशाल दीप, लक्ष्मण राम, हरीश कुमार, बिजेंद्र कुमार शामिल थे।