मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों से सड़कों पर बोल्डर गिर रहे हैं। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क पर सुरिंग बैंड के पास बोल्डर और मलबा आने से वहां खड़ी गोकुल सिंह मर्तोलिया की बोलेरो पिकअप और हरीश मर्तोलिया की कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा बलवंत मर्तोलिया की कार को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना पर तहसीलदार आशीष रौतेला, कानूनगो भुवन लाल वर्मा, थानाध्यक्ष मुनस्यारी अनिल आर्या और नगर पंचायत अध्यक्ष राजू पांगती मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी है। दूसरी ओर इसी सड़क पर बंगापानी के पास मोरी में भूस्खलन के कारण बोल्डरों के साथ पेड़ सड़क पर आ गिरा। घटना मंगलवार रात हुई अन्यथा दिन में इस सड़क पर काफी आवाजाही रहती है। संवाद