पिथौरागढ़। पुलिस ने साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को हरियाणा, दिल्ली और झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
शिकायतकर्ता बेड़ीनाग (नागदेव मेडिकल स्टोर) निवासी होशियार सिंह बिष्ट ने साइबर क्राइम थाना देहरादून में शिकायत की थी कि 30 मई को उन्हें एक मोबाइल नंबर से फोन कर सैनेटाइजर और मास्क खरीदने की डिमांड की गई थी। उसके लिए ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहकर वाट्सएप में भेजे गए लिंक में जाने को कहा। इसके बाद उनके खाते से 1,14,000 निकल गए। साइबर पुलिस स्टेशन देहरादून ने शिकायत को पिथौरागढ़ स्थानांतरित किया जिसके बाद बेड़ीनाग थाने में धारा-420 और 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरे मामले में 31 मई को साइबर सेल पिथौरागढ़ में केदार कॉलोनी पांडेगांव निवासी हेम चंद्र पाटनी ने शिकायत की कि उन्होंने 30 मई को लिंक रोड पिथौरागढ़ से फूड ऑर्डर के लिए गूगल के माध्यम से मोबाइल नंबर ढूंढा। फूड डिलिवरी के ऑनलाइन पेमेंट करने के नाम पर उनके खाते से 64,998 रुपये निकल गए। कोतवाली में धारा-420 और 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
तीसरे मामले में 15 जनवरी को 130 इंफेंट्री बटालियन ईको कुमाऊं भड़कटिया निवासी राजेंद्र सिंह ने कोतवाली में शिकायत की कि सात जनवरी 2022 को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और कार्ड अपडेट करने के नाम पर उनके साथ 5,50,000 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है इस पर पुलिस ने धारा-420 और 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया। एसपी लोकेश्वर सिंह ने पुलिस टीमों का गठन किया।
टीम ने थाना पिनगवां हरियाणा निवासी रासिद को हरियाणा से, दूसरे आरोपी सिमरापोज, पोस्ट तपोवन थाना कुंडा जिला देवधर झारखंड निवासी अभिषेक कुमार को 128ए ब्लॉक गेट नंबर 04 गोयला विहार साइथ वेस्ट दिल्ली से गिरफ्तार किया जबकि तीसरे आरोपी ग्राम नवाडीह पोस्ट सितालपुर थाना करमाटाड जिला जमताना निवासी हनीफ अंसारी को झारखंड से गिरफ्तार किया। तीनों को धारा- 41(क) सीआरपीसी का नोटिस दे दिया है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी चौकड़ी एसआई मनोज पांडेय, कांस्टेबल विजेंद्र सिंह, एसआई प्रदीप कुमार यादव, कांस्टेबल कृष्णा सिंह, राजेंद्र सिंह, देशराज सिंह, अशोक बुदियाल, एसओजी टीम से कांस्टेबल कैलाश फर्त्याल, चौकी प्रभारी पनार एसआई प्रकाश चंद्र पांडेय, कांस्टेबल कुंदन सिंह, जितेंद्र सिंह, साइबर सेल से एसआई प्रियंका इजराल, कांस्टेबल मनोज कुमार, विपिन ओली, गीता पंवार शामिल रहे।
ऑनलाइन ठगी करने के मामले में तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। अगर किसी व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी होती है तो वह नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करा सकता है।
- लोकेश्वर सिंह, एसपी पिथौरागढ़।