बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। पुलिस ने अवैध रूप से निकालकर रखे लीसा और केमिकल के साथ तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बरामद माल के साथ वन विभाग को सौंप दिया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस और वन विभाग की टीम बुधवार को गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम ने राईआगर के पास के जंगल से ग्राम आछाम नेपाल निवासी भारत धामी, लोकेश धामी, गणेश धामी को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 41 टिन लीसा और 150 लीटर केमिकल बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ धारा 26 (1), 40, 41 वन अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कर वन विभाग को सौंप दिया है।
उपप्रभागीय वनाधिकारी ज्वाला प्रसाद ने बताया कि नेपाली नागरिकों से पूछताछ की जा रही है। इन लोगों ने बिना अनुमति के जंगल से लीला और केमिकल निकालकर रखा था जिसे यह लोग बाहरी क्षेत्रों में बेचने की फिराक में थे। संवाद