फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: एसएसबी कैंटीन में चोरी करने वाले दो नेपाली समेत तीन गिरफ्तार

Wed, 19 Jul 2023 11:02 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। ऐंचोली स्थित एसएसबी कैंटीन से नकदी और अन्य सामान चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन

बीती 17 जुलाई को 55वीं वाहिनी के सहायक उप निरीक्षक मोहन लाल नौटियाल ने कोतवाली में तहरीर सौंपी थी कि एसएसबी कैंटीन से चोरों ने 42,280 की नकदी 60,000 का सामान, शराब की कैंटीन से 4500 नकद और 15,500 की शराब के अलावा वाहिनी के मंदिर से पांच हजार रुपये चुरा लिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक चंचल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने दार्चूला (नेपाल) निवासी दलीप कुमार (21), बिण निवासी कमल कुमार (23) और भगत नेपाली (21) निवासी हुमला कड़नाली अंचल जिला सिमिकोट को बिण चुंगी के निकट कबाड़ के गोदाम क पास स्थित खंडहर से गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पास से चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली गई है।
विज्ञापन

इनसेट

रेकी करने के बाद दिया वारदात को अंजाम
पिथौरागढ़। 55वीं वाहिनी एसएसबी कैंटीन में चोरी करने वाले तीनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दो दिन तक रेकी की थी। इसके बाद आरोपी 17 जुलाई की देर रात 3:30 बजे दीवार फांदकर एसएसबी कैंप में घुसे थे। आरोपियों ने जिस समय खिड़की तोड़कर कैंटीन में चोरी की थी उस समय एसएसबी के जवान और अन्य अधिकारी नींद में थे। एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों में से दो नेपाली नागरिक पहले भी चोरी के मामले में पकड़े जा चुके हैं। संवाद

पिथौरागढ़ में 498 ग्राम चरस के साथ एक गिरफ्तार
पिथौरागढ़। एसओजी और कोतवाली पुलिस ने 498 ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चंचल शर्मा, एसओजी प्रभारी हेम चंद्र तिवारी, घाट चौकी प्रभारी सुरेश कंबोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर एपीएस स्कूल से आगे दौला सड़क के पास चेकिंग के दौरान ओमप्रकाश निवासी बिण के कब्जे से 498 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा- 8/20 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। संवाद

3.25 ग्राम स्मैक के साथ एक दबोचा
टनकपुर (चंपावत)। पुलिस ने कार सवार एक युवक को 3.25 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
एसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर स्मैक तस्करों के खिलाफ पुलिस का धर-पकड़ अभियान लगातार जारी है। मंगलवार की देर शाम मनिहारगोठ चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार (यूके 03 सी-1586) सवार को रोका। चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि तलाशी लेने पर नगर के वर्मा लाइन कॉलोनी निवासी शहजादे खान उर्फ सज्जू के कब्जे से 3.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत केस दर्ज किया गया है। चौकी प्रभारी बिष्ट ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। संवाद

फर्जी दस्तावेज बनाकर ठगी करने वाला गिरफ्तार

पिथौरागढ़। बेड़ीनाग पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बनाकर लाखों की ठगी करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक दो आरोपी दबोचे जा चुके हैं जबकि फरार मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
22 सितंबर 2022 को बेड़ीनाग निवासी भीम सिंह ने मनीष पाठक निवासी ग्राम कराला, पोस्ट धरमघर और उसके दो साथियों नवीन चंद्र पाठक और उमेश सिंह महरा निवासी ग्राम पोस्ट चौकोड़ी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज बनाकर 20 लाख रुपये की ठगी करने का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में बीती 14 जून को नवीन चंद्र पाठक को 14 गिरफ्तार कर लिया था।
अब मंगलवार को पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बनाने में मनीष का सहयोग करने वाले उमेश सिंह महरा को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी मनीष पाठक अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बेड़ीनाग प्रभात कुमार, कांस्टेबल हरीश राणा, नरेंद्र मेहता मौजूद रहे। संवाद

47 बाहरी लोगों का सत्यापन किया

पिथौरागढ़। पुलिस ने अभियान चलाकर 47 बाहरी लोगों का सत्यापन किया। एसपी लोकेश्वर सिंह ने कहा कि पुलिस जिले भर में बाहरी क्षेत्र के मजदूर, बाहरी व्यक्ति, फड़ फेरी, रेहड़ी ठेले लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सत्यापन कर रही है। बिना सत्यापन के रहने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद

शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो गिरफ्तार

पिथौरागढ़। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने और दुकान की आड़ में शराब बेचने और पिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में बीसाबजेड़ में फोटो स्टेट की दुकान में चेकिंग की गई। पुलिस ने दुकान संचालक लक्ष्मण सिंह के पास से 15 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। इसी तरह थानाध्यक्ष कनालीछीना अम्बी राम आर्या ने चेकिंग के दौरान वाहन चालक मुकेश कापड़ी और प्रभारी निरीक्षक थाना मुनस्यारी अशोक कुमार के नेतृत्व में एएसआई कृपाल सिंह ने कृष्णा सिंह को शराब पीकर वाहन चलाने पर गिरफ्तार किया। वहीं जिले भर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और मिशन मर्यादा में 84 लोगों का चालान कर तीन वाहन सीज किए। इधर थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडेय ने दीपक चौधरी का सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाने पर पांच हजार का चालान किया। संवाद

ओटीपी पूछकर खाते से उड़ा लिए 12 हजार
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। साइबर ठगों ने कानड़ी के एक ग्रामीण के खाते से ओटीपी पूछकर 12 हजार रुपये उड़ा लिए। कानड़ी निवासी पूर्व सैनिक रमेश राम के पुत्र सुरेश कुमार ने बताया कि उसके पिता का व्हाट्सएप 13 जुलाई को बंद हो गया था। जब उन्होंने व्हाट्सएप फिर से शुरू करने के लिए कस्टमर केयर में फोन किया तो वहां से ओटीपी मांगा गया। जैसे ही पूर्व सैनिक रमेश राम ने ओटीपी बताया तो उनके खाते से 12 हजार रुपये कट गए। रमेश राम ने बैंक के साथ ही थाना पुलिस को मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें