मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। लाॅकडाउन का फायदा उठाकर चोरों ने ढिमढिमिया (फल्याटी) की पूर्व प्रधान कमला देवी के मुनस्यारी तल्ला बुंगा स्थित किराये के मकान के ताले तोड़कर लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। कमला देवी मुनस्यारी के बुंगा में बच्चों को पढ़ाने के लिए किराए के मकान में रहती हैं। लाॅकडाउन में अपने पैतृक गांव फ्लयांटी गईं थीं। बुधवार को उनके पति प्रेम सुयाल को उनके रिश्तेदारों ने कमरे का ताला टूटा होने और सारा सामान बिखरा होने की सूचना दी। प्रेम सुयाल की तहरीर पर मुनस्यारी थाना में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रेम सिंह के अनुसार पांच हजार की नकदी और गहनों सहित डेढ़ लाख की चोरी हुई है। थानाध्यक्ष मुनस्यारी आसिफ खान ने जांच शुरू कर दी है। उपरोक्त्त चोरी की घटना की विवेचना की जा रही है। एसओ ने बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए दो टीमों को जाँच में लगाया गया है।