धौलीगंगा में रेस्क्यू करती टीम
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी,
धारचूला (पिथौरागढ़)। तहसील मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर दारमा घाटी के ग्राम सभा बोंगलिंग में सोमवार को लकड़ी के पुल से धौली नदी में गिरे दो ग्रामीणों का कोई पता नहीं चल पाया है।
चलखम नामक स्थान पर धौली गंगा में बने लकड़ी के अस्थाई पुल को पार करते हुए सोमवार को मनबहादुर और भीम सिंह बकरियों को बुग्याल के चरागाह ले जाते समय गिरने से बह गए थे। मंगलवार को थानाध्यक्ष विजेंद्र शाह तथा राजस्व उप निरीक्षक उदय भंडारी के नेतृत्व में युवाओं ने ढूंढने के लिए धौलीगंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया। सुबह से ही आपदा प्रबंधन के उपकरणों के साथ पांच घंटे रेस्क्यू चलाया गया था, लेकिन धौलीगंगा के तेज बहाव तथा गहरी खाई होने से दूर तक जाने के लिए सही मार्ग ना मिलने के कारण रेस्क्यू चलाने में परेशानी हो रही है।
राजस्व निरीक्षक उदय भंडारी ने बताया कि रेस्क्यू में ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है। छिरकीला डैम में भी रेस्क्यू चलाया गया था,लेकिन अभी तक दोनों युवकों का कुछ पता नहीं चल पाया है।
थानाध्यक्ष विजेंद्र शाह ने बताया शीघ्र ही एसडीआरएफ की टीम बुलाई जाएगी। मौके पर गये पूर्व जिलापंचायत सदस्य आन सिंह, पूर्व बीडीसी रुकुम सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों युवकों को ढूंढने के लिए प्रशासन की टीम के साथ ग्रामीण भी प्रयास कर रहे हैं।
रेस्क्यू टीम में पुलिस कांस्टेबल आन सिंह, आशीष, ललित पांगती के साथ जिला पंचायत सदस्य सुरेश जेठा, गजेंद्र रोकाया, देवेंद्र, कमल और दुर्गा सिंह सहित कई लोगो ने सहयोग किया।