गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बेलपट्टी के जीआईसी चौरपाल में शिक्षकों की कमी से छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में है। 248 छात्र संख्या वाले विद्यालय में महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ता नहीं हैं। विद्यालय में प्रवक्ताओं के नौ सृजित पदों में से चार पद खाली हैं। विद्यालय में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, राजनीतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं हैं।
अंग्रेजी विषय पर स्थायी शिक्षिका नियुक्त है। हिंदी, भूगोल, जीव विज्ञान और संस्कृत में अतिथि शिक्षक तैनात हैं। एलटी में सात पद सृजित हैं, इसमें हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कला विषय पढ़ाने वाला कोई नहीं है। गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय पर पिछले सात साल से अध्यापक नहीं है। अंग्रेजी, विज्ञान, व्यायाम में स्थायी शिक्षक सेवारत हैं। हिंदी विषय के शिक्षक का इस सत्र में स्थानांतरण हुआ, लेकिन उनके बदले कोई नहीं आया। विद्यालय में सुगडी, शिवना, बनेलागांव, अनरगांव, धराड़ी, रेतोला, सलाण, नैनोली कैणा, गानुरा के बच्चे पढ़ने आते हैं। सीईओ अशोक कुमार जुकरिया ने बताया कि विद्यालय में रिक्त पदों का ब्योरा शासन को भेज दिया है। शिक्षक मिलने पर तैनाती की जाएगी।
शिक्षा विभाग से लंबे समय से रिक्त पदों को भरने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। ऐसे में विद्यालय की छात्र संख्या घट जाएगी तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। - महेश सिंह, अभिभावक संघ अध्यक्ष
सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त होना चाहिए, लेकिन 248 छात्र संख्या वाले विद्यालय में प्रवक्ता से लेकर एलटी विषय में महत्वपूर्ण विषय पढ़ाने वाला कोई नहीं है। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था कैसे चलेगी। - पुष्पा देवी, अभिभावक।