मुनस्यारी। थल-मुनस्यारी सड़क पर ला झेकला के पास बीते सोमवार देर शाम सामान से भरा एक ट्रक फंस गया। ट्रक चालक किशोर कोश्यारी ने आपदा प्रबंधन विभाग से मदद मांगी लेकिन उसे निराश होना पड़ा। पहाड़ी से गिरते पत्थरों के बीच मजबूर होकर चालक को ट्रक मलबे में छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा। रात भर पत्थरों की बारिश होने से ट्रक को नुकसान पहुंचा है। दूसरे दिन मंगलवार सुबह आपदा प्रबंधन विभाग जागा और जेसीबी भेजकर ट्रक को मलबे से निकाला गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने कहा कि बारिश के बीच रात में ट्रक को मलबे से निकालना संभव नहीं था। ऐसे में दूसरे दिन सुबह जेसीबी भेजी गई। वहीं यदि बारिश होती तो ट्रक के मलबे के साथ खाई में गिरने का खतरा था। इस खतरे से आपदा प्रबंधन विभाग अनजान बना रहा इस पर कई सवाल उठ रहे हैं।