डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट में करोड़ों की लागत से हाट थर्प ग्राम पंचायत के कैणी तोक में 10 नाली जमीन पर बन रहे कूड़ा निस्तारण और रिसाइकिलिंग प्लांट का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। 31 जनवरी को इस मामले की सुनवाई होगी।
नगर पालिका परिषद की ओर से कैणी तोक में 10 नाली जमीन पर कूड़ा निस्तारण और रिसाइकलिंग प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत हाट थर्प के ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना उनकी सहमति के उनकी वन पंचायत की 10 नाली जमीन नगर पालिका के नाम कर दी है। नगर पालिका पूरे नगर का कूड़ा इस स्थान पर फेंकने की तैयारी कर रही है।
इधर नगर पालिका का कहना है कि इस स्थान पर बन रहे कूड़ा निस्तारण प्लांट से कूड़े को रिसाइकल करके इसे बेचा जाएगा। जैविक कूड़े से खाद बनाकर किसानों को दी जाएगी। इस प्लांट से किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होगा। हाट थर्प के ग्रामीण सुनील साह का कहना है कि इस प्लांट को बनने से रोकने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा ग्रामीणों ने खटखटाया है। वहीं नगर पालिका के ईओ मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि नगर पालिका को प्लांट वाली जगह प्रशासन ने प्रदान की है और नगर पालिका अपनी जगह पर ही यह प्लांट का निर्माण कर रही है।