चंपावत। दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने पाटी और खेतीखान क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे हैं। कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कारोबारियों को मिठाइयों और अन्य उत्पादों पर निर्माण के साथ ही अंतिम उपयोग तिथि अंकित करने को कहा। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। टीम ने साफ-सफाई, एफएसएसएआई लाइसेंस और गुणवत्ता की भी जांच की। कारोबारियों को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।