शिव-पार्वती मंदिर के कपाट पांच नवंबर को होंगे बंद
- फोटो : ग्राम प्रधान
चीन सीमा से सटे वाइब्रेंट विलेज कुटी के ज्योंलिंगकांग में 14,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित आदि कैलाश के शिव-पार्वती मंदिर के कपाट पांच नवंबर को बंद हो जाएंगे। इसके बाद यात्री मंदिर में पूजा-अर्चना नहीं कर पाएंगे।
ग्राम प्रधान कुटी नगेंद्र सिंह कुटियाल, आदि कैलाश विकास समिति के पुनीत कुटियाल और मंदिर के पुजारी गोपाल सिंह कुटियाल व वीरेंद्र सिंह कुटियाल ने बताया कि नवंबर माह में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति और ग्रामीणों की आपसी सहमति से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पांच नवंबर, कार्तिक पूर्णिमा के दिन रीति-रिवाज के साथ पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का कपाट बंद कर दिया जाएगा। मंदिर के कपाट अगले वर्ष मई माह में खोले जाएंगे।
ग्राम प्रधान नगेंद्र कुटियाल और आदि कैलाश विकास समिति अध्यक्ष पुनीत कुटियाल ने बताया कि कपाट बंद होने की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे उक्त तिथि के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। ग्राम प्रधान ने बताया कि पांच नवंबर को मंदिर के कपाट बंद होने के बाद सभी ग्रामवासी निचली घाटी को लौट आएंगे।
एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि 30 अक्तूबर को 200 परमिट जारी किए गए। एक मई से 30 अक्टूबर तक कुल 70,387 परमिट जारी हो चुके हैं।