पिथौरागढ़। सड़क के लिए कलक्ट्रेट के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे कनार के दूसरे आमरण अनशनकारी को भी प्रशासन ने उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। इसके बाद प्रकाश सिंह ने आमरण अनशन की कमान संभाल ली है। करीब 16 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 12 नवंबर से जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान में आमरण अनशन पर बैठे कनारवासियों का कहना है कि ठोस कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। शुरुआत में चार दिन आमरण अनशन पर बैठे उप प्रधान रमेश सिंह परिहार को जबरन उठाने के बाद बीते रविवार को जगत सिंह आमरण अनशन पर बैठे जिन्हें प्रशासन ने सोमवार अपराह्न उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया। इसके बाद प्रकाश ने मोर्चा संभाल लिया। उनके समर्थन में कनार की महिलाएं और पुरुष अनशन स्थल पर डटे रहे। मंगलवार को अनशन स्थल पर भरत सिंह, मनोज सिंह, बबीता बिष्ट, बिरमा देवी कविता, नीरज आदि मौजूद रहे।