झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारतीय सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी में एक छात्रा के साथ उसके शिक्षक की ओर से ही यौन शोषण का मामला प्रकाश में आया है। बैतड़ी दशरथचंद नगरपालिका छह थालीगाड़ा कालिका माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 10 में पढ़ने वाली क्षेत्र की 17 वर्षीय छात्रा कक्षा 10 में फेल हो गई थी। विषय में बैक आने पर विद्यालय में कार्यरत अंग्रेजी शिक्षक ने उसे एक हफ्ते पहले विद्यालय में स्कूल समय से पहले ट्यूशन के लिए बुलाया जहां उसने मौका देख छात्रा का यौन शोषण किया। एक हफ्ते तक ट्यूशन नहीं जाने पर जब मां ने छात्रा को पीटा तो उसने अपनी व्यथा बताई। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता प्रहरी निरीक्षक सूरज सिंह ने बताया कि छात्रा के यौन शोषण की खबर सोशल मीडिया में आने के बाद प्रहरी ने स्वतः संज्ञान लिया, जिसके बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पीड़िता छात्रा के पिता का देहांत पहले हो चुका है।