धारचूला (पिथौरागढ़)। नगर में पुलिस की ओर से लगातार वाहनों का चालान करने से टैक्सी स्वामियों और संचालकों में आक्रोश है। नाराज टैक्सी चालकों ने दूसरे दिन बुधवार को भी टैक्सियों का संचालन बंद रखा। इससे लोगों को आठ से 10 किमी पैदल चलकर धारचूला तहसील मुख्यालय पहुंचना पड़ा। इस दौरान टैक्सी चालकों ने पुलिस प्रशासन का पुतला भी फूंका।
बुधवार को वाहन स्वामी और चालक छिपलाकेदार टैक्सी यूनियन के आह्वान पर उपाध्यक्ष केवल कार्की के नेतृत्व में तपोवन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग में एकत्र हुए। उन्होंने यहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर पुतला फूंका। केवल कार्की ने कहा कि धारचूला नगर में वाहन चालकों का पुलिस बेवजह चालान काटकर उत्पीड़न कर रही है। कहा कि नगर में अधूरी तैयारी के साथ लागू किए गए नए ट्रैफिक के नाम पर वाहन चालक और स्वामियों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि काली नदी किनारे पुलिस की ओर से बनाई गई पार्किंग में पहुंचने के लिए नेपाल रोड से होकर गुजरना पड़ता है। यहां अव्यवस्थाओं के चलते और भी भारी जाम लग रहा है। इस प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रूप सिंह बिष्ट ने कहा कि मार्ग में वाहनों को किनारे लगाकर सवारी उतारने पर भी फोटो खींचकर चालान किए जा रहे हैं। अरविंद सेलवान ने कहा कि प्रशासन ने यदि सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन करने और पुतला फूंकने वालों में प्रवेश नबियाल, विक्रम धामी, गणेश, राजू धामी, सुनील कुमार, रूप सिंह नेगी, निहाल खैर, विक्की धामी, बालो सिंह, राजू धामी, दिव्यांशु कुमार, धरम कुमार आदि मौजूद रहे।
29 जनवरी को करेंगे चक्का जाम
धारचूला (पिथौरागढ़)। टैक्सी यूनियन के उपाध्यक्ष केवल कार्की ने अन्य पदाधिकारियों के साथ धारचूला मुख्यालय पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। उन्होंने कहा कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 29 जनवरी को नगर पालिका गेट के पास चक्का जाम किया जाएगा। संवाद