पिथौरागढ़। भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के अंतर्गत विधानसभा पिथौरागढ़ का लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया गया। वक्ताओं ने लोगों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
नगरपालिका सभागार में आयोजित सम्मेलन में मुख्य वक्ता सांसद अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि सभी लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। सम्मेलन में प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी और पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत ने भी विचार रखे। वहां जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मनोज सामंत, केदार जोशी, गणेश भंडारी, वीरेंद्र शाह, अमित बम आदि कार्यकर्ता थे।
बलुवाकोट में हुआ भाजपा का लाभार्थी सम्मेलन
धारचूला/लोहाघाट। भाजपा जौलजीबी मंडल का लाभार्थी सम्मेलन सरस्वती शिशु मंदिर बलुवाकोट में संपन्न हुआ। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। मंडल उपाध्यक्ष रमेश रेखोला की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार ने केंद्र सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों को गिनाया। वहां महामंत्री सुरेंद्र सिंह बिष्ट, मंडल मंत्री लक्ष्मण सिंह बिष्ट, मदन वर्मा, अनिल कुमार, कालूराम भारती, चंद्र राम, घनश्याम पंत आदि थे।
इधर लोहाघाट में विकासखंड बाराकोट के बैड़ाओड़ में भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से लाभार्थी मेला लगाया गया। अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष गोविंद प्रसाद की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि पाटी की ब्लाॅक प्रमुख सुमनलता ने मेले का शुभारंभ किया। मेले में समाज कल्याण विभाग ने विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन और बेटियों की शादी के लिए अनुदान के फार्म भरे। स्वास्थ्य विभाग ने करीब 114 लोगों का इलाज कर निशुल्क दवाएं बांटीं। वहां संजय कुमार, सुनीता विश्वकर्मा, भवान कालाकोटी, दीपक कालाकोटी, योगेश कालाकोटी, ललित मोहन कालाकोटी आदि थे। संवाद