सीमांत छात्रावास को ठीक करने की मांग को पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट पहुंचे छात्र। संवाद
पिथौरागढ़। सीमांत छात्रावास जर्जर हो गया है। बरसात में छात्रावास की छत टपकने से छात्र परेशान हैं। कई बार मांग किए जाने के बाद भी छात्रावास की मरम्मत नहीं कराए जाने से छात्रों में नाराजगी है।
विकास भवन के पास स्थित छात्रावास में गरीब वर्ग के 18 छात्र रहते हैं। दशकों पूर्व बना छात्रावास अब जर्जर हो गया है। छात्रावास के चार कमरों की छत हल्की सी बारिश में टपकने लगती है। इससे छात्र-छात्राओं की अध्ययन सामग्री, बिस्तर और अन्य जरूरी सामान खराब हो रहा है।
खिड़की और दरवाजे तक दीमक लगने से खराब हो चुके हैं। छात्र चंद्र कुमार, अजय कुमार, रोहित कुमार, संजय सहित अन्य छात्रों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर जर्जर हाल हो चुके छात्रावास की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।