पिथौरागढ़। एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के पिथौरागढ़ परिसर में नामांकन के अंतिम दिन एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों संगठनों के प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। इधर छात्रसंघ चुनाव के लिए 13 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए हैं। बुधवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए पांच प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। उपाध्यक्ष पद के लिए दो, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष के लिए एक-एक ने नामांकन कराया जबकि मंगलवार को आठ प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था।
बुधवार को एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला। एबीवीपी से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रितिक पांडेय और एनएसयूआई सेअध्यक्ष पद के उम्मीदवार दीपक सिंह पवार ने परिसर में सभा भी की जिसमें दोनों संगठनों के पूर्व नेताओं ने भी चुनाव जीतने पर छात्र हितों के लिए कार्य करने का दावा किया। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय के नेतृत्व पुलिस बल तैनात रहा।
इधर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज भट्ट की देखरेख में नामांकन हुए। अंतिम दिन उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए एक-एक नामांकन होने से प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने में डॉ. विपिन पाठक, डॉ. प्रेमलता पंत, तनुजा पोखरिया, कमलेश भाकुनी, नंदन कार्की, एके शुक्ला, मनीषा बिष्ट, सतीश चंद्र जोशी, एनएस धारियाल आदि मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ परिसर छात्रसंघ उम्मीदवार
अध्यक्ष: दीपक सिंह पवार और रितिक पांडेय।
उपाध्यक्ष: अंकित ज्याला।
उपाध्यक्ष (छात्रा): नेहा, चित्रा जोशी।
सचिव: अनिल सिंह खाती, मनोज जोशी।
संयुक्त सचिव: मयंक चंद।
कोषाध्यक्ष पद: अनुज चंद, दीपक खोलिया।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि: शिवम कापड़ी।
सांस्कृतिक सचिव: गौरव चंद्र पंत, नरेंद्र सिंह।
ज्योति एबीवीपी में शामिल
पिथौरागढ़। छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए पहले एनएसयूआई से दावेदारी कर रही ज्योति पाठक एबीवीपी में शामिल हो गई है। ज्योति को एनएसयूआई ने उम्मीदवार नहीं बनाया। इससे नाराज ज्योति बुधवार को एबीवीपी में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि अब वह एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगी।
एनएसयूआई ने दिया धरना
पिथौरागढ़। एनसयूआई ने सांस्कृतिक सचिव पद के प्रत्याशी का परीक्षा परिणाम नहीं आने पर धरना दिया जबकि प्रत्याशी ने मंगलवार को नामांकन कराया था। बुधवार को एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ऋषभ कल्पासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने परिसर में ही धरना दिया। जब प्रत्याशी का परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय से आया तब जाकर धरना समाप्त किया गया। संवाद
आईकार्ड दिखाने के बाद दिया प्रवेश
पिथौरागढ़। मंगलवार को दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद बुधवार को पिथौरागढ़ परिसर में छात्र-छात्राओं को आईकार्ड दिखाने के बाद ही अंदर आने दिया गया। परिसर के दोनों मुख्य गेटों पर पुलिस बल के साथ ही प्रवक्ता भी तैनात थे जो परिसर में आने वाले छात्रों का आईकार्ड जांचने में जुटे थे। संवाद
भीड़ में घुस आए कई लोग
पिथौरागढ़। जुलूस के बीच कई बाहरी लोग भी अंदर घुस आए। नगर क्षेत्र से निकाले गए जुलूस के लिए परिसर का गेट खोलना पड़ा। इस दौरान किसी का भी आईकार्ड चेक नहीं किया गया जिसका फायदा उठाते हुए कई लोग अंदर घुस गए। कुछ लोगों के हाथों में डंडे भी थे। संवाद
पुलिस ने माइक और ढोल लिए कब्जे में
पिथौरागढ़। दोनों संगठनों के कार्यकर्ता गाजे-बाजे और माइक लेकर पिथौरागढ़ परिसर में पहुंचे थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने एनएसयूआई से ढोल तो एबीवीपी से माइक ले लिया। संवाद
10 ने कराया नामांकन
धारचूला (पिथौरागढ़)। राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में 10 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. अतुल चंद ने बताया कि मोहित तितियाल, हेमराज पंत ने अध्यक्ष, अनिल कुमार ने उपाध्यक्ष, टिकेंद्र सिंह ने सचिव, दीपक धामी ने कोषाध्यक्ष, रेनू चलाल ने संयुक्त सचिव, रितु धामी और शिखा चुनारा ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, जूही और रितिका फिरमाल ने छात्रा उपाध्यक्ष के लिए नामांकन कराया है। सांस्कृतिक सचिव के लिए किसी ने नामांकन नहीं किया है। बृहस्पतिवार को नाम वापसी होगी। संवाद
गंगोलीहाट में छह पदों पर एक-एक नामांकन
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। शहीद पवन सिंह सुगडा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ के छह पदों के लिए एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन कराया है जबकि उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और संकाय प्रतिनिधि पद पर किसी ने भी नामांकन नहीं किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर गौरव बोरा, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर हिमानी भाटिया, सचिव पद पर ममता भाटिया, सांस्कृतिक सचिव पद पर ऊषा कोहली, कोषाध्यक्ष पद पर जीवन सिंह खत्री, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर उमेद सिंह ने नामांकन कराया है। उन्होंने कहा कि 22 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी और मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी। प्राचार्य डॉ. मधुकेश गुप्ता ने बताया कि 24 दिसंबर को मतदान होगा। संवाद
पिथौरागढ़ कॉलेज में सभा करते एनएसयूआई संगठन के लोग। संवाद- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़ परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन कराते प्रत्याशी। संवाद- फोटो : PITHORAGARH