पिथौरागढ़। लक्ष्मण सिंह महर परिसर में पांचवें सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा परिणाम से संबंधित समस्याओं पर परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा। परिसर निदेशक डॉ हेमचंद्र पांडेय के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में कहा है कि पांचवें सेमेस्टर के माइनर सब्जेक्ट में अनेक छात्र-छात्राओं के अपेक्षाकृत बहुत कम अंक आए हैं, जिससे विद्यार्थियों में असंतोष और चिंता है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विषय में विशेष बैक परीक्षा का अवसर दिया जाए, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।छात्र महासंघ के अध्यक्ष तिलकराज पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित निर्णय लेना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को न्याय मिल सके। इस अवसर पर छात्र नेता बिरजू चौधरी, पवन वर्मा, शिवम गढ़कोटी, शिवम कांडपाल सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संवाद