राइंका बड़ाबे में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित बच्चे। संवाद
पिथौरागढ़। राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस पर घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी ने जीआईसी बड़ाबे में जागरूकता अभियान चलाया। इस मौके पर संस्था ने शहीदों के नाम से स्कॉलरशिप कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया।
विद्यालय के 12वीं के छात्र चंद्रशेखर को संस्था की ओर से पांच हजार रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की गई। संस्था अध्यक्ष अजय ओली ने कहा कि हमारे वीर सैनिक सरहद पर देश सेवा में अपने प्राण भी न्योछावर कर देते हैं। हमें गर्व है कि हम उनकी याद में यह कार्यक्रम चलाकर उन्हें हमेशा अपने दिलों में जिंदा रख सकेंगे।
कहा कि संस्था हर साल अपने शहीद वीर जवानों की याद में यह स्कॉलरशिप बच्चों को देगी। प्रेमा सुतेरी ने कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव के लिए धूम्रपान से दूर रह कर रोज व्यायाम कर और अच्छी जीवन शैली अपनाने को कहा। प्रधानाचार्य हिमांशु प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र, सूरज सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद