पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में मरीज से जानकारी लेते मुख्य सर्जन डॉ एलएस बोरा। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। ठंड के मौसम में पेट संबंधी बीमारी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिथौरागढ़ के जिला अस्पताल में ही पेट की बीमारी से संबंधित 30 से अधिक मरीज प्रतिदिन पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार खानपान में लापरवाही के कारण ऐसा हो रहा है।
जिला अस्पताल में रोजाना औसतन 500 से अधिक मरीज ओपीडी के लिए पहुंच रहे हैं। इसमें पेट संबंधी बीमारी से जूझ रहे मरीज भी शामिल हैं। पेट दर्द, गैस, अपच, पीलिया की शिकायत सबसे अधिक है। जिला अस्पताल के मुख्य सर्जन डॉ. एलएस बोरा ने बताया कि ठंड में अक्सर लोग लापरवाह हो जाते हैं।
पानी पीना कम कर देते है। चाय, कॉफी समेत अन्य गर्म पेय पदार्थों का सेवन करते हैं और भोजन की मात्रा कम कर देते हैं जबकि ठंड में सबसे अधिक खानपान पर ध्यान देने की जरूरत होती है।
साफ, स्वच्छ और समय पर भोजन करना बेहद जरूरी है। जरा सी लापरवाही से गैस, पीलिया और टाइफाइड होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की दिक्कत होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय डॉक्टर को दिखाएं।