वाघाट-घट्टाबगड़ सड़क खुलने के बाद वाहन आवाजाही करते हुए। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। पिछले दिनों की बारिश से बंद हुई दारमा एवं व्यास घाटी को जाने वाली तवाघाट-सोबला और तवाघाट-घट्टयाबगड़ सड़क बीआरओ ने खोल दी है। वहीं छियालेख में दो बैंड और बुंदी से लामारी के बीच सड़क कई स्थानोें पर ध्वस्त होने से लोग परेशान हैं।
मौसम साफ होने के बाद बीआरओ की 67 आरसीसी के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बीआरओ के एई एसके निराला ने मौके में जाकर तवाघाट-सोबला सड़क और तवाघाट-घट्टयाबगड़ सड़क को खोला। रोतो निवासी बृजेश होतियाल ने बताया कि तवाघाट सोबला सड़क खुलने के बाद उच्च हिमालय क्षेत्रों के गांवों में चार दिन से फंसे लोगों ने राहत की सांस ली है।
इधर बीआरओ की 65 आरसीसी की जेसीबी लामारी, छियालेख, छियालेख से गर्ब्यांग के बीच बंद पड़ी घट्टायाबगड़-लिपुलेख सड़क को चार दिनों से खोलने में लगी है। गांव से लौटे गुंजी प्रधान सुरेश गुंज्याल ने बताया कि छियालेख में दो बैंड और बुंदी से लामारी के बीच सड़क कई स्थानोें पर ध्वस्त हो गई है जिसके कारण लोगों को बुंदी से मालपा तक 15 किलोमीटर पैदल फिर मालपा से धारचूला तक वाहनों से आना पड़ रहा है। गुंजी प्रधान ने बीआरओ और प्रशासन से सड़क शीघ्र खोलने की मांग की है। बीआरओ के उच्चाधिकारियों ने बताया कि मौसम साफ होने पर घट्टयाबगड़-लिपुलेख सड़क दो-तीन दिन में खोल दी जाएगी। संवाद