बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं किए जाने से आक्रोशित महिलाओं ने लोनिवि कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द सड़क का कार्य शुरू नहीं किए जाने पर चुनाव बहिष्कार करने और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सुकल्याड़ी बैंड से से पभ्या-मन्तोली-आगर मोटर मार्ग की लंबाई 10 किमी है। छह से सात गांवों को जोड़ने के लिए बनाई जाने वाली इस सड़क के पहले चरण में लोनिवि ने पांच किमी सड़क कटिंग की है। बुधवार को मंतोली, गुरना और आगर की महिलाएं पूर्व प्रमुख रेखा भंडारी के नेतृत्व में लोनिवि कार्यालय पहुंचीं और नारेबाजी की। पूर्व प्रमुख भंडारी ने कहा कि सड़क से छह-सात ग्राम सभाएं जुड़ी हैं लेकिन अभी तक यह सिर्फ पांच किमी ही बन पाई है।
महिलाओं का कहना था कि सड़क नहीं होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर सहायक अभियंता कांता प्रसाद गंगवार ने बताया कि पहले 10 किमी सड़क की डीपीआर बनी थी लेकिन पांच किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति ही मिली है। स्वीकृति मिलने पर सड़क का निर्माण किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में विमला देवी, निर्मला, गीता, देवकी, जानकी, कमला, भावना भंडारी, आशा समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद
पांडेगांव से न्यू सेरा मोटर मार्ग के लिए 7.59 करोड़ स्वीकृत
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय के पांडेगांव पुल से न्यू सेरा तक नाले को कवर कर मोटर मार्ग बनाया जाएगा। 600 मीटर मोटर मार्ग के लिए शासन ने 759.30 लाख की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में भी खुशी है।
पांडेगांव स्थित मुख्य सड़क से पीछे न्यू सेरा की ओर रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां दोपहिया वाहन भी नहीं चल सकते। इस समस्या को देखते हुए क्षेत्र के लोग लंबे समय से नाले को कवर कर मोटर मार्ग बनाने की मांग उठा रहे थे। लोगों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मोटर मार्ग बनाए जाने की घोषणा की थी। मंगलवार को शासन की ओर से मोटर मार्ग बनाए जाने की स्वीकृति दे दी गई है। लोनिवि के एसई एबी कांडपाल ने बताया कि नाले को कवर करते हुए 600 मीटर लंबा मोटर मार्ग बनाया जाना है। जल्द टेंडर लगाकर कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद