अस्कोट (पिथौरागढ़)। बगड़ीहाट में निर्माणाधीन पावर ग्रिड के विद्युत उपकेंद्र में कार्य करने वाले जम्मू कश्मीर के मजदूरों ने प्रशासन से घर भिजवाने की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भी भेजा है। अस्कोट के एसओ पीआर आगरी मंगलवार को मजदूरों का हालचाल जानने बगड़ीहाट पहुंचे। विद्युत उपकेंद्र में जम्मू कश्मीर के 89 मजदूर कार्य करते हैं। लाकडाउन के बाद से ही मजदूर काफी परेशान हैं। ठेकेदार मोहम्मद अब्बास के जरिए मजदूरों ने एसओ आगरी को अपनी व्यथा सुनाई। उनका कहना था कि वह लंबे समय से अपने घर नहीं जा पाए हैं। घर में उनके परिजन परेशान हैं। कुछ के बुजुर्ग मां-बाप अकेले रहते हैं। यहां पड़ रही गर्मी से भी मजदूर परेशान हैं। साथ ही अन्य परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। एसओ आगरी ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि वह उनकी बात को प्रशासन तक पहुंचाएंगे। एसओ ने बताया कि मजदूरों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को भेज दिया गया है।