पिथौरागढ़। दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात जाजरदेवल निवासी वसंत जोशी लाकडाउन में फंसे मजबूर लोगों की मदद को आगे आए हैं। वड्डा के रियांसी निवासी अमन खड़ायत के अनुरोध पर उन्होंने रामपुर में फंसे सीमांत जिले के 15 युवाओं को 6 हजार रुपये भिजवाए। यह पैसे वहां फंसे मदन महर के खाते में डाले। इस धनराशि से युवाओं ने राशन और अन्य दैनिक सामग्री खरीदी। पिछले हफ्ते दिल्ली में नौकरी करने वाले प्रियंक रावल के पिता की पिथौरागढ़ में मौत हो गई थी। चिता को मुखाग्नि देने वाला कोई नहीं था। जोशी ने अपने उच्चाधिकारियों से अनुरोध कर प्रियंक का पिथौरागढ़ आने का पास बनवाया। उनके इस नेक कार्य की काफी सराहना हो रही है। जोशी का कहना है कि मानवता की भलाई के लिए जो हो सकता है उसे करने को वह तैयार हैं।