पिथौरागढ़ जिले में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। 14 वर्षीय बेटे की हार्ट अटैक से मौत हो गई, जिसका सदमा मां नहीं सह सकी। बेटे के चले जाने के गम में मां ने नदी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी।
जानकारी के मुताबिक, वड्डा क्षेत्र के मड़ेगाव निवासी 14 वर्षीय कक्षा नौ का छात्र जतिन जोशी सेना में भर्ती होने के सपने को साकार करने के लिए रोजाना झौलाखेत मैदान में दौड़ता था। शनिवार सुबह भी वह दौड़ने के लिए मैदान गया। वापस लौटते समय रास्ते में उसके सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर मां पूनम जोशी मौके पर दौड़ी और बेटे को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत के सदमे को मां नहीं सह सकी। बेटे के शव को छोड़कर मां पूनम टैक्सी स्टेंड पहुंची और गंगोलीहाट जाने की बात कह एक टैक्सी में बैठी। जब टैक्सी घाट के पास पहुंची तो पूनम ने चालक से कुछ सामान खरीदने की बात कर वाहन रोकने को बोला। वह वाहन से उतरी और सीधे सरयू नदी में छलांग लगा दी।
पास में संचालित होटल के मालिक ने उसे नदी में कूदते देखा तो उसने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई और हरसंभव प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने खोजबीन शुरू की। एक घंटे बाद उसका शव नदी के किनारे बोल्डरों के बीच पानी में उतराता मिला। मां और बेटे की एक साथ हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है।