अंतिम विदाई - शहीद की पत्नी बोली अगले जन्म में फिर मिलेंगे - कहा आप देश सेवा के लिए बहुत अच्छे से लड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट ब्लाक के नाली गांव निवासी शहीद शंकर सिंह का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। शहीद की पत्नी इंद्रा ने शहीद को अगले जन्म में फिर मिलने का वादा कर पति को अंतिम विदाई दी। शहीद की पत्नी रोती बिलखती बोली आप देश की रक्षा के लिए लड़ते-लड़ते शहीद हो गए। इस बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा। रविवार को शहीद का शव जैसे ही नाली गांव पहुंचा, शहीद की मां जानकी देवी और पत्नी इंद्रा, पिता मोहन सिंह और 6 वर्षीय मासूम बेटा हर्षित बेसुध हो गए। शहीद की पत्नी और मां काफी देर तक शहीद के पार्थिव शरीर के साथ लिपटकर रोती रहीं। अंतिम संस्कार के लिए जैसे ही शहीद के पार्थिव शरीर को उठाया गया। शहीद की पत्नी इंद्रा ने हाथ हिलाकर अंतिम विदाई दी। बहुत देर तक शहीद की पत्नी अपना दर्द बताती रहीं।
शहीद की पत्नी ने कहा कि अगले जन्म में फिर मिलेंगे।
शहीद का मासूम बेटा बदहवास दादी से पूछ रहा है सवाल
पिथौरागढ़। शहीद का 6वर्षीय मासूम बेटा हर्षित पापा की शहादत की खबर के बाद कई तरह के सवाल पूछ रहा है। शहीद का बेटा अपनी दादी से बोल रहा है कि पापा ने कहा था तेरे लिए घर और स्वीमिंग पूल बनाउंगा। दादी अब कैसे बनेगा घर और स्वीमिंग पूल। मासूम के इस सवाल पर सुनने वालों के गले भी रुंध गए।
गोकर्ण सिंह के पत्नी बच्चे पहुंचे पैतृक आवास
पिथौरागढ़। नापड़ गांव के शहीद गोकर्ण सिंह की पत्नी गीता और बच्चे मनीष व आकांक्षा देर रात 11 बजे बरेली से पैतृक आवास पहुंचे। उनके साथ सेना के जवान भी थे। गोकर्ण सिंह की शहादत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार देर शाम शव पहुंचने के बाद पत्नी और बच्चे बिलख-बिलख कर रो पड़े।
इन्होंने दी श्रद्धांजलि
विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, विधायक विशन सिंह चुफाल, हरीश धामी, मीना गंगोला, डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, एसपी प्रीति प्रियदर्शनी, एडीएम आरडी पॉलीवाल, एसडीएम भगत सिंह फोनिया, डॉ. सौरभ गहरवार, दर्जा राज्यमंत्री शमशेर सिंह सत्याल, फकीर राम ने श्रद्धांजलि दी।