पिथौरागढ़। सीमांत जिले में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात और मुनस्यारी में ओलावृष्टि से ठंड लौट आई है। मुनस्यारी में अधिकतम तापमान 8 डिग्री और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पिछले तीन दिन से जिला मुख्यालय में दोपहर बाद आसमान बादलों से घिर रहा है लेकिन बारिश नहीं हो रही है। बादल छाने से ठंड लौट आई है। वहीं मुनस्यारी में दोपहर बाद झमाझम बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि हुई। इससे नाचनी, होकरा और मुनस्यारी सहित कई अन्य स्थानों पर मसूर, गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली की चोटियों पर फिर से हिमपात होने से निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। बारिश और ओलावृष्टि के चलते बाजार में भी सन्नाटा पसर गया।
उधर गणाईगंगोली, मुवानी, अस्कोट आदि जगहों पर भी बादल छाए रहे। पिछले लंबे समय से जिले के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई है। होली से पहले मौसम गर्म होने से लोगों ने गर्म कपड़े पहनने बंद कर दिए थे लेकिन अब ठंड होने से लोगों ने दोबारा गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।
मुनस्यारी के बिजली घर में लगी आग
पिथौरागढ़। मुनस्यारी में बिजली कड़कने से बिजली घर के इनकमिंग पैनल में विस्फोट हो गया। इस कारण मुनस्यारी मुख्यालय सहित 10 से अधिक गांवों में बिजली गुल हो गई। यूपीसीएल मुनस्यारी क्षेत्र के एसडीओ गिरीश आर्या ने बताया कि बिजली गिरने से इनकमिंग पैनल में आग लग गई। इस कारण मुनस्यारी मुख्यालय, चौना, मटेना, लीलम, बुईं, पातों सहित चार अन्य गांवों में बिजली गुल हो गई। उन्होंने बताया कि इनकमिंग पैनल को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही पैनल को ठीक कर विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। पैनल में आग लगने से रात में करीब 3,500 उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा छाया रहा।